नई दिल्लीः त्योहारी सीजन में लगातार सोने में तेजी आती जा रही है. बीच-बीच में सोने की कीमतों में मामूली गिरावट आती देखी गई है लेकिन कुल मिलाकर सोने के दाम में इजाफा ही देखा जा रहा है और ये 32,000 होने के करीब पहुंच रहा है. आज विदेशों में मजबूती के रुख के बीच लोकल ज्वैलर्स की लिवाली बढ़ने के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 50 रुपये की तेजी के साथ 31,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी. क्यों आई सोने में गिरावट बाजार सूत्रों ने कहा कि चीन और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर भड़कने की संभावना कम होने के बाद कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी आने से वैश्विक बाजार में मजबूती का रुख कायम हो गया जिसके मुताबिक यहां सोने की कीमतों में तेजी आई. उन्होंने कहा कि इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में लोकल ज्वैलर्स की सतत लिवाली और कमजोर होते शेयर बाजार से पैसा सर्राफा बाजार की ओर ट्रांसफर किये जाने के चलते भी सोने की तेजी को समर्थन मिला. दिल्ली और वैश्विक बाजार में सोने के दाम में तेजी राष्ट्रीय राजधानी के स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने के भाव 50-50 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 31,700 रुपये और 31,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए. कल इसमें 10 रुपये की गिरावट आई थी. वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.12 फीसदी की तेजी के साथ 1208.30 डॉलर प्रति औंस पर बंद हो पाया है. हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी के भाव बिना किसी बदलाव के 24,500 रुपये पर बने रहे. चांदी की कीमत पर भी पड़ा असर हालांकि इंडस्ट्रियल यूनिट्स के लिवाली समर्थन के अभाव में चांदी की कीमत 20 रुपये के नुकसान के साथ 38,080 रुपये प्रति किलो रह गयी. दूसरी ओर चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 255 रुपये की तेजी के साथ 37,575 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में चांदी 0.38 फीसदी की तेजी के साथ 14.36 डॉलर प्रति औंस हो गया. हालांकि चांदी सिक्कों की कीमत लिवाल 72 हजार रुपये और बिकवाल 73 हजार रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर बने रहे. दलाल स्ट्रीट हुई लालः यस बैंक में निवेशकों के डूबे 22 हजार करोड़, DHFL 42% टूटा